सुंदरगढ़ की आकाशी नायक भारतीय युवा महिला फुटबॉल दल में
सतीश शर्मा (उप संपादक)
सुंदरगढ़, 30 जनवरी: सुंदरगढ़ क्रीड़ा छात्रावास की युवा खिलाड़ी आकाशी नायक भारतीय अंडर 19 वर्ष महिला फुटबॉल दल में चुनी गयी है। भारत फुटबॉल महासंघ द्वारा घोषित 23 सदस्यीय दल में स्थान पाने वाली वह ओड़िशा की एकमात्र खिलाड़ी है। उल्लेखनीय है कि सुंदरगढ़ क्रीड़ा छात्रावास से भारतीय जूनियर दल में स्थान पाने वाली वह सातवीं खिलाड़ी है।
यह भारतीय दल नेपाल के पोखरा में 31 जनवरी से शुरू होने वाली दक्षिण एशिया फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेगा।
रक्षक खिलाड़ी के रूप में खेलने वाली आकाशी नायक को राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं प्रभावशाली प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया गया था। शिविर में भी अपने प्रदर्शन से उसने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का भरोसा जीता और उसे भारतीय दल में शामिल किया गया है।
भारतीय दल का पहला मुकाबला नेपाल से 31 जनवरी को, बांग्लादेश से 2 फरवरी को एवं भूटान से 4 फरवरी को होगा। अंतिम निर्णायक मैच 7 फरवरी को खेला जाएगा। सुंदरगढ़ छात्रावास के प्रशिक्षक हृदय रंजन(टूना) सिंह ने आकाशी नायक के चयन पर खुशी व्यक्त करने और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वह अपने प्रदर्शन से सुंदरगढ़ छात्रावास और ओड़िशा का गौरव बढ़ाएगी।





